नई दिल्ली: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कल अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर बातचीत की, जिसमें व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, परमाणु ऊर्जा और रक्षा क्षेत्रों में सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया। विदेश मंत्री जयशंकर और मार्को रुबियो के बीच यह बातचीत नव-नियुक्त अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर के उस बयान के एक दिन बाद हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि व्यापार मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कुछ बातचीत होगी।
फोन पर दोनों नेताओं ट्रेड डील को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि रुबियो के साथ उनकी अच्छी बातचीत हुई और वे संपर्क में रहने पर सहमत हुए। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में जयशंकर ने कहा कि उन्होंने अमरीका के विदेश मंत्री रुबियो के साथ एक अच्छी बातचीत पूरी की। दोनों ने व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, परमाणु सहयोग, रक्षा और ऊर्जा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि दोनों इन और अन्य मुद्दों पर संपर्क में रहने पर भी सहमत हुए।
वहीं, गोर ने सोशल मीडिया पर कहा कि रूबियो की जयशंकर के साथ सकारात्मक बातचीत हुई और दोनों नेताओं ने हमारे द्विपक्षीय व्यापार बातचीत, महत्वपूर्ण खनिजों और अगले महीने होने वाली संभावित बैठक के बारे में अगले कदमों पर चर्चा की।
कई दौर की बातचीत के बावजूद दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा नहीं कर पाए हैं। अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक ने पिछले हफ़्ते कहा था कि 2025 में समझौता नहीं हो सका क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को फोन नहीं किया, क्योंकि भारतीय पक्ष इस डील से सहज नहीं था। इस दावे को भारत सरकार ने तुरंत खारिज कर दिया।






