ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग के समीप भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह हादसा शुक्रवार को सोनप्रयाग से गौरीकुंड जाने वाली सड़क पर हुआ। सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के समीप पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई तथा दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने शनिवार को घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने वहां तैनात पुलिस बल को संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। हादसे का शिकार हुए लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों और घायलों में एक व्यक्ति स्थानीय निवासी तथा दूसरा नेपाली मूल का बताया जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि अचानक पहाड़ी से चट्टान का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से स्थानीय निवासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नेपाली मूल का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि घायल व्यक्ति को अपना एक पैर गंवाना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चट्टान गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में चीख-पुकार शुरू हो गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस, स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान चलाया गया।

हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आया है। सोनप्रयाग के संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

चारधाम यात्रा के बीच लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी दरकने की घटनाओं ने यात्रा मार्ग की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार ने यात्रियों से अपील की है कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में बेहद सतर्क रहें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

बता दें कि हर साल की तरह इस साल भी केदारनाथ में सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अभी 22 मई तक 7 लाख 82 हजार 136 श्रद्धालु केदारनाथ दर्शन कर चुके हैं। 22 मई को 30 हजार 218 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ यात्रा की।

 

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख