ताज़ा खबरें

नई दिल्ली: राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य नेताओं ने जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने सईद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अपने संदेश में कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन पर गहरा दु:ख है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर और देश के लोगों के लिए लंबे समय तक जो काम किया उसके लिए वह हमेशा याद रखे जायेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सईद के निधन पर गहरा दु:ख जताते हुए कहा, ‘‘सईद के निधन से राज्य और देश में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है। उन्होंने बडी़ संवेदनशीलता के साथ राज्य का नेतृत्व किया।

उनकी छवि का लोगों पर गहरा असर था।’’ गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह सईद के निधन की सूचना से व्यथित हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से जुड़े जटिल मुद्दों के बारे में सईद की अच्छी समझ थी। वह घाटी में स्थायी शांति लाना चाहते थे। सिंह ने कहा कि सईद को आम जनता खास तौर से समाज के गरीब तबके के प्रति उनके प्रेम के लिए जाना जाता है। केंद्रीय गृहराज्य मंत्री किरेण रिजिजू और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने भी सईद के निधन पर गहरा दु:ख जताया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सईद के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि सईद के निधन से जम्मू-कश्मीर ही नहीं बल्कि पूरे देश ने एक महान नेता को खो दिया है। सईद के साथ अपने पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए गांधी ने कहा कि सईद ने मानवता के प्रति और सार्वजनिक जीवन में कई स्तरों पर महत्वपूर्ण योगदान दिया और इसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि वह सईद के निधन से बेहद दु:खी हैं। गांधी ने सईद के परिवार और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख