ताज़ा खबरें
विधानसभा में एंट्री रोकने के मुद्दे पर आतिशी ने राष्ट्रपति से मांगा समय
वोटर लिस्ट में हेरफेर के लिए बीजेपी ने दो एजेंसियां की नियुक्ति: ममता
निष्पक्ष निर्वाचन आयोग के बगैर स्वतंत्र-निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकते: ममता

लखनऊ: लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कन्नौज प्रत्याशी डिंपल यादव ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान डिंपल यादव ने यूपी के रामपुर से भाजपा उम्मीदवार जया प्रदा पर विवादित टिप्पणी करने वाले आजम खान का बचाव किया। सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह के शिगूफे छोड़ रही है। मीडिया को छोटी-छोटी बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। वे जया प्रदा पर आजम खां के दिए बयान पर बोल रहीं थी।

साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी के पुरुष नेताओं को भी महिलाओं को लेकर इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए। डिंपल ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान को लेकर गंभीर नहीं है। अगर गंभीर होती तो बसपा सुप्रीमो मायावती पर अभद्र टिप्पणी करने वाले दयाशंकर को अपनी पार्टी का पुन: उपाध्यक्ष नहीं बनाती। डिंपल ने कहा कि मेरे और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ भी अभद्र बातें की गईं, लेकिन तब मीडिया ने मामले को इतना तूल नहीं दिया। बहस इस पर होनी चाहिए कि भाजपा सरकार ने पांच साल क्या काम किए और समाजवादी सरकार ने अपने कार्यकाल में क्या काम कराए।

इसके बजाय भाजपा ध्यान भटकाने की अपनी चिरपरिचित शैली में काम करने की कोशिश कर रही है। क्या इस तरह के बयानों पर रोकने के लिए पार्टी के स्तर पर भी कोई रिव्यू किया जा रहा है। डिंपल ने कहा कि अभी चुनाव के कारण और बहुत सारे काम हैं।

गौर हो कि, आजम खान ने रविवार को शाहबाद में आयोजित जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी का नाम लिए बिना उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनकी टिप्पणी पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा है कि उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही चुनाव आयोग से आजम खान के चुनाव लड़ने पर रोक लगवाने की गुजारिश भी की जाएगी।

इसके बाद जया प्रदा को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी पर आजम खान के खिलाफ रामपुर के शाहबाद थाने में केस दर्ज किया गया। क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट ने उनके खिलाफ थाने में तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कराया। आईपीसी की धारा 509 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 125 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख