भदोही/मिर्जापुर: लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर प्रियंका गांधी का पूर्वांचल दौरा सोमवार से शुरू हो गया है। जहां प्रियंका गांधी ने सोमवार का दिन प्रयागराज और रात भदोही में गुजारी, वहीं मंगलवार का पूरा दिन प्रियंका गांधी मिर्जापुर में बिताएंगी। कार्यक्रम के मुताबिक प्रियंका गांधी मंगलवार सुबह 11.37 बजे विंध्याचल मंदिर के दर्शन करने गईं। सीता मंदिर में पं. हरि प्रसाद मिश्र शास्त्री ने प्रियंका गांधी को माता सीता का दर्शन पूजन कराया। इसके बाद प्रियंका गांधी बनकट दलित बस्ती की तरफ रवाना हो गईं। जहां पर प्रियंका गांधी यादवों और दलित समाज के लोगों से मिलीं। प्रियंका गांधी बनकट के फूलचंद यादव के परिवार से मिलीं।
इसके बाद बनकट से गोपीगंज जाते समय केवहाटी गांव में सड़क पर खेल रहीं दो दिव्यांग बच्चियों को प्रियंका गांधी ने अपनी गाड़ी रोक कर दुलारा। इसके बाद गोपीगंज के लिए रवाना हो गईं। इसी क्रम में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि योगी सरकार ने दो साल का जो रिपोर्ट कार्ड घोषित किया है, वो देखने में बहुत अच्छा लग रहा है। लेकिन विकास और योजनाओं की जमीनी हकीकत कुछ और ही है। मैं रोज जनता से मिल रही हूं और सभी लोग प्रताड़ित हुए हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि किसान, बुनकर समेत सभी वर्ग प्रताड़ित है। पांच साल में केंद्र सरकार ने क्या-क्या किया आज मैं सब जान गई। मोदी सरकार की डेट एक्सपायर हो चुकी है।
इसके पहले 11 बजे तक प्रियंका गांधी वाड्रा भदोही के सीतामढ़ी के सीता सदन गेस्ट हाउस में पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कीं। जहां पर बुनकर प्रतिनिधि सुरेंद्र मिश्रा ने अपनी समस्याएं बताईं। बुनकरों ने ई-वे बिल से भुगतान न होने की मांग की। राष्ट्रीय बालश्रम परियोजना का प्रतिनिधिमंडल महेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रियंका गांधी से मिला। इसी दौरान प्रियंका गांधी शिक्षामित्रों से भी मुलाकात कीं। सभी लोग अपनी समस्याएं प्रियंका गांधी के साथ सांझा किए।
प्रियंका गांधी का काफिला भदोही के बाद मिर्जापुर के विध्यांचल में कंटिट शरीफ मजार पर जाएगा। वहां से सीधे प्रियंका गांधी मिर्जापुर के भटौली घाट पर पहुंचेगी। 2:45 बजे मिर्जापुर के सिंधोरा घाट पर लोगों से मिलेंगी। 3:30 बजे मोटर बोट से प्रियंका गांधी सिंधौरा घाट से चुनार पान्टून ब्रिज पहुंचेंगी। जहां लोगों को संबोधित करेंगी। रात्रि विश्राम चुनार स्थित पीडब्ल्यूडी के किला गेस्ट हाउस में करेंगी। इस कार्यक्रम की मुख्य समन्वयक विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ होंगी।
वहीं मिर्जापुर भदोही की सीमा पर नरउर गांव में कांग्रेस के मिर्जापुर लोकसभा सीट के प्रत्याशी ललितेश पति त्रिपाठी समेत पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक प्रियंका गांधी के आने का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही विंध्यधाम में एसपीजी और पुलिस की निगरानी में भक्त दर्शन-पूजन कर रहे हैं। प्रियंका गांधी के आने के बाद आम लोगों के दर्शन-पूजन पर रोक लगा दी जाएगी।
रामपुर घाट पर बच्चों से मुलाकात का कार्यक्रम किया रद्द
भदोही के सीतामढ़ी घाट पर प्रियंका गांधी सोमवार को शाम 6 बजे पहुंचीं थी। जहां प्रियंका गांधी ने 11 मिनट की छोटी सी जनसभा की। इसके बाद प्रियंका गांधी भदोही के सीतामढ़ी के सीता सदन गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीलम मिश्रा ने बताया कि कांग्रेस की पूर्वी यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का मंगलवार सुबह रामपुर घाट पर लोगों और बच्चों से मुलाकात करने का कार्यक्रम तय था। लेकिन प्रियंका गांधी कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी से कल नाराज हो गईं थी। इसलिए कार्यक्रम रद्द कर दिया। प्रियंका गांधी के नाराजगी की वजह भदोही में कार्यक्रम का ठीक तरह से संचालन न होना बताया जा रहा है।