लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की केंद्र सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया, बल्कि नोटबंदी और जीएसटी ने पूरी अर्थव्यवस्था को ही चौपट कर दिया है। प्रदेश की भाजपा सरकार तो अपनी एक भी योजना लागू नहीं कर सकी है। उसने अब तक समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना बताकर प्रचारित किया है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर होती जा रही है। हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं थमने के नाम नहीं ले रही हैं। समाजवादी सरकार में अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 और वूमेन पावरलाइन 1090 योजनाएं चालू हुई थीं, जिनकी सराहना देश-विदेश तक में हुई थी। भाजपा सरकार ने उन्हें बर्बाद कर दिया।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा समाज को बांटने और नफरत फैलाने का काम करने से बाज नहीं आ रही है। विकास में उसकी कोई रुचि नहीं है। भाजपा अपने कारनामों से, वादाखिलाफी और फरेबी चालों से जनता के बीच अपनी लोकप्रियता पूरी तरह खो चुकी है। उसके दिन गिने-चुने रह गए हैं।
सपा बसपा गठबंधन भाजपा को हराने में सक्षम
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी-राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन भाजपा को हराने में सक्षम है। यह वैचारिक आधार पर बना है। गठबंधन के प्रति जनता के मन में विश्वास है कि वह भाजपा को दोबारा सरकार नहीं बनने देगा। कांग्रेस की भ्रांति में कोई फंसने वाला नहीं है। यह समय भाजपा की जनविरोधी, विकास विरोधी और सामाजिक न्याय विरोधी नीतियों के खिलाफ विकल्प को मजबूत करने का है और सिर्फ समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी-राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन में जनता का भरोसा है।