सहारनपुर: यूपी के देवबंद में होने जा रही गठबंधन की विशाल जनसभा को संबोधित करने के लिए रविवार को बसपा सुप्रीमो मायावती सपा प्रमुख अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चौधरी अजित सिंह व जयंत चौधरी रैली स्थल पहुंच चुके हैं। इन तीनों पार्टियों के ये दिग्गज नेता यहां पहली बार एक साथ मंच साझा कर रहे हैं। रैली का आयोजन देवबंद में सहारनपुर मार्ग पर जामिया तिब्बिया मेडिकल कॉलेज के पास स्थित मैदान पर किया जा रहा है। गौरतलब है कि इस रैली के जरिए गठबंधन के दिग्गज नेता जातीय समीकरण को साधने के लिए हर जोर आजमाने की कोशिश करेंगे।
जानकारी के अनुसार रैली में शामिल होने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ सड़कों से गुजरना शुरू हो गई। वहीं रैली में बड़ी संख्या में भीम आर्मी समर्थक भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर की फोटो अपने हाथ में लेकर रैली में शामिल होने पहुंचे हैं। रैलीस्थल पर बड़ी संख्या महिलाओं की भी नजर आ रही है। बसपा अध्यक्ष मायावती, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह की संयुक्त रैली के मद्देनजर प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं।
सीओ अजेय शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर 400 पुलिस कर्मी, 100 एसआई, तीन सेक्शन पीएसी, अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती भी की गई है।