ताज़ा खबरें
बिहार में चुनाव से पहले मंत्रिमंडल विस्तार, सात बीजेपी विधायक बने मंत्री

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछड़ों को लामबंद कर उन्हें अपने पाले में लाने की बड़ी कोशिश अब समाजवादी पार्टी ने शुरू की है। उसका कहना है कि जब उनकी सरकार बनेगी तो अमीरों पर दो प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स भी लगाया जाएगा। इससे अमीर गरीब की बढ़ती खाई कम होगी। सामाजिक न्याय से महापरिवर्तन की लड़ाई का आगाज करते हुए सपा ने अपना विजन डाक्यूमेंट(चुनावी घोषणा पत्र) जारी किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सपा मुख्यालय में इसे जारी किया।

सपा मुखिया और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा, सपा -बसपा-रालोद गठबंधन के कार्यकर्ता संकल्प कर रहे हैं कि आने वाले समय में भारत का भविष्य बेहतर हो। विजन डाक्यूमेंट पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच ले जाएंगे। सामाजिक न्याय से महापरिवर्तन नई दिशा- एक नई उम्मीद के साथ का नारा देते हुए अखिलेश ने कहा कि हमने इसके लिए लक्ष्य तय किये है। जनता को बताया जाएगा कि कि देश में दस प्रतिशत समृद्ध (उच्च जाति के लोग ) 60 प्रतिशत राष्ट्रीय सम्पत्ति पर काबिज हैं। सामाजिक न्याय नहीं होने से अमीर और अमीर हो गया जबकि गरीब और गरीब हो गया है।

विजन डॉक्यूमेंट में राष्ट्रीय सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा, पर्यावरण की सुरक्षा और देश की खुशहाली के लिये पार्टी की योजनाओं को पेश किया गया है।

अमीरों पर लगेगा टैक्स

विजन डाक्यूमेंट में कहा गया है कि यह विडंबना है कि देश का आर्थिक रूप से समृद्ध तबका भी उसी दर से टैक्स चुकाता है जितना वेतनभोगी मध्यम वर्ग को चुकाना पड़ता है। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की सरकार के सत्ता में आने के बाद ढाई करोड़ से अधिक संपत्ति वाले (भारतीय परिवारों का लगभग 0.1 प्रतिशत) अमीर परिवारों पर दो प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स लगाया जायेगा। हम यह मानते हैं ज्यादा अमीर लोगों पर अतिरिक्त टैक्स का ब्रैकेट बनना चाहिए जो अपनी सम्पत्ति को कई तरह से छुपाते हैं जो कि सकल घरेलू उत्पाद का एक फीसद होगा।

छद्म राष्ट्रवाद देश के लिए खतरनाक

सपा ने कहा है कि दिन पर दिन घबराई भाजपा भारतीय सेना को एक राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। जिसका एकमात्र उद्देश्य सभी विपक्षी दलों का देशद्रोही करार देना है। भाजपा का छद्म राष्ट्रवाद हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए किसी भी बाहरी ताकत से ज्यादा खतरनाक है। हम राजनीतिक फायदे के लिए सेना और सैनिकों के इस्तेमाल को प्रतिबंधित करेंगे। सैन्य कर्मियों की पत्नियों और उनके परिवारों के लिए राज्य आधारित लोक कल्याण योजना शुरू होगी।

समाजवादी पेंशन योजना में अब 3000 रुपये मिलेंगे

जबकि समाजवादी पेंशन योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को तीन हजार रुपये प्रतिमाह दिये जायेंगे और लोहिया ग्रामीण आवास योजना के तहत दो कमरों का आवास मुहैया कराया जायेगा।

अहीर रजिमेंट

अखिलेश यादव ने अहीर रेजीमेंट की वकालत करते हुये कहा कि सरकार में आने पर गठबंधन उन सभी राज्यों में रेजीमेंट की स्थापना करेगा जहां रेजीमेंट नहीं है। हम अहीर रेजीमेंट,बख्तरबंद रेजीमेंट और गुजरात इंफ्रैन्ट्री रेजीमेंट की स्थापना करेंगे।

विजन डाक्यूमेंट में लोहिया व मुलायम की चर्चा

विजन डाक्यूमेंट में डॉ राम मनोहर लोहिया का जिक्र है। लोहिया ने कहा था कि गरीबी से लड़ाई एक धोखा है। जब तक जाति और लिंग के आधार पर भेदभाव के खिलाफ लड़ाई ना हो।

सबसे बड़ा खतरा बेरोजगारी

विजन डाक्यूमेंट में कहा गया है कि देश के लिए सबसे बड़ा खतरा बढ़ती बेरोजगारी है। इसके अतिरिक्त अन्य किसी मुद्दे पर बात करना देश के भविष्य को तबाह करने जैसा होगा। नौजवान चाय और पकौड़े के स्टॉल लगाने की भाजपा की सलाह की निरर्थकता को बखूबी समझ रहे हैं। देश के प्रत्येक छात्र को अनिवार्य, निशुल्क और गुणवत्ता युक्त शिक्षा देने का काम करेंगे। सरकार बनने पर हम केंद्रीय आरक्षण के नवीन आंकड़ों को जारी करेंगे, ताकि देश में प्रत्येक जाति की जनसंख्या का सही आकलन किया जा सके। युवा भारत के लिए लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर किसान भाइयों और युवाओं के लिए विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे एवं सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि स्कूल, बाजार और ऑफिस तक यातायात सुगम हो।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख