लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने सोमवार को अपनी सरकार के दो साल पूरे कर लिए। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते सरकार कोई जश्न समारोह तो नहीं कर रही है। अलबत्ता अपनी सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए मुख्यमंत्री ने आज मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस जरूर बुलाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडे लखनऊ में भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर मीडिया से वार्ता की। यहां सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी सरकार की उपलब्धियां बताई।
सीएम योगी ने यहां कहा कि 1990 के बाद सपा को चार बार और बीएसपी को 3 बार प्रदेश को चलाने का मौका मिला 7 बार सपा-बसपा के शासन काल में प्रदेश में व्यापक अराजकता का एक दौर शुरू हो गया था। साथ ही योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने यूपी को बीमारू राज्य बना दिया था। सीएम ने सिर्फ प्रदेश सरकार की ही नहीं केंद्र सरकार की योजनाओं को भी सराहा। योगी ने जन-धन योजना, उज्जवला योजना और किसान सम्मान योजना की भी उपलब्धियां गिनाई।
योगी ने कहा कि हमने धर्म, जाति व संप्रदाय से ऊपर उठकर प्रदेश के विकास के लिए काम किया है। पहले प्रदेश की पहचान अपराध और अव्यवस्था से होती थी। सपा शासनकाल में हर साल दंगे होते थे पर भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ है। प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए दो साल में 3300 एनकाउंटर किए गए। जिससे अपराधियों में भय का माहौल व्याप्त हुआ। 74 कुख्यात अपराधी मारे गए। 12000 से ज्यादा अपराधियों ने आत्म समर्पण किया।
उन्होंने कहा, दो साल में एक भी दंगा नहीं हुआ, जबकि सपा सरकार में लगातार दंगे होते थे। महिलाओं में सुरक्षा की भावना आई। दो वर्षों में लड़कियों पर एसिड अटैक की एक भी घटना नहीं हुई। आजादी के बाद सबसे ज्यादा वक्त तक प्रदेश पर कांग्रेस की सरकार ने शासन किया। इसके बाद भी यूपी को बीमारू राज्यों की सूची में स्थान मिला जबकि सिर्फ दो साल के कार्यकाल में प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ा और बीमारू राज्यों की सूची से बाहर निकला।
योगी ने कहा कि इन्वेंस्टर्स समिट के सफल आयोजन से प्रदेश में निवेश के लिए 4 लाख 68 हजार करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए जबकि डेढ़ लाख करोड़ की निवेश परियोजनाओं को जमीन पर उतारा जा रहा है। योगी ने दावा किया कि अब तक दो लाख 15 हजार युवाओं को प्रदेश सरकार ने रोजगार दिया।
किसानों के लिए सरकार ने लिए फैसले
योगी ने किसानों के लिए किए गए सरकार के कामों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने आते ही प्रदेश के 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों का कर्ज माफ किया। किसानों को उनकी फसलों का डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलने लगा है। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 1460 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 1840 रुपये प्रति क्विंटल किया गया। सरकार ने बिचौलियों पर लगाम लगाई। आज प्रदेश उन राज्यों में शामिल हो गया है जहां किसानों को 18 घंटे बिजली मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है। इस योजना के तहत किसानों को हर वर्ष छह हजार रुपये दिया जाएगा। जिसकी पहली किस्त (दो हजार रुपये) दी जा चुकी है। जिससे देश भर के करीब 12 करोड़ किसान लाभान्वित हुए हैं। दो वर्षों में लंबे समय से लटकी प्रदेश की बाणसागर परियोजना को पूरा किया गया। जिससे कि प्रदेश के सिंचित क्षेत्र में बढ़त दर्ज हुई।
'पहले मरीज डॉक्टर के पास जाता था पर अब डॉक्टर खुद मरीज के पास आता है'
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में दो साल पहले स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त थीं लेकिन अब इसमें व्यापक सुधार आया है। प्रदेश के 53 जिलों में मोबाइल मेडिकल यूनिट चलाई जा रही हैं। जिससे कि पहले अगर मरीज डॉक्टर के पास आता था तो अब डॉक्टर खुद मरीज के पास जाता है। प्रदेश में 7.57 लाख बच्चों को स्वास्थ्य टीके लगवाए गए हैं।