प्रयागराज: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश में भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाएगी। एक मुकदमे के सिलसिले में शनिवार को विशेष न्यायालय में पेशी पर आये कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रियंका गांधी के फूलपुर से चुनाव लड़ने की संभावना नहीं है और न ही कोई गठबंधन होगा। पेशी के बाद राज बब्बर ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। कामों में गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ और कमशीनखोरी हो रही है। भ्रष्टाचार की चपेट में गरीब हैं। किसी भी काम के लिए कमीशन मांगा जा रहा है। प्रदेश में दिनदहाड़े हत्या और लूट हो रही है। प्रदेश के लोग भयभीत हैं। इन मुद्दों को चुनावी सभाओं में जनता के बीच रखेंगे।
लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एक हफ्ते में सभी प्रत्याशियों की घोषणा हो जाएगी। पार्टी के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी के चुनाव लड़ने पर राज बब्बर ने कहा कि वो लोकसभा चुनाव में स्टार प्रचारक होंगे। पार्टी में वरिष्ठ नेता होने के नाते चुनाव में संगठनात्मक जिम्मेदारी भी संभालनी है तो उनका चुनाव लड़ना संभव नहीं होगा।
सपा-बसपा गठबंधन का कांग्रेस के हिस्सा बनने की संभावना से राजबब्बर ने साफ इनकार किया। न्यायालय में पेशी के दौरान पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, मुकुंद तिवारी, रजिया सुलतान, जावेद उर्फी, हसीब अहमद, ब्रजेंद्र मिश्र व कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।