ताज़ा खबरें
गलत बयानबाजी न करें,मिलकर 'न्याय-पत्र' समझाने में खुशी होगी: खड़गे
केजरीवाल की गिरफ्तारी वैध- ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में दायर किया हलफनामा
अरुणाचल में भारी भूस्खलन, चीन सीमा से लगने वाले इलाके से टूटा संपर्क

मैनपुरी: मैनपुरी में आज 24 वर्षों बाद एक नया इतिहास रचा गया। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी मायावती जी और पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव ने मंच साझा किया और एक दूसरे का अभिनन्दन करते हुए परस्पर भूरि-भूरि प्रशंसा की। कुमारी मायावती जी ने मुलायम सिंह को लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दिलाने की मतदाताओं से अपील की। अखिलेश यादव ने भी आज के दिन को ऐतिहासिक करार दिया। मैनपुरी में आज समाजवादी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव के समर्थन में गठबंधन की संयुक्त रैली थी जिसमें बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कु. मायावती, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक स्वर में मैनपुरी के मतदाताओं से मुलायम सिंह यादव को इस बार ऐतिहासिक जीत दिलाने का अनुरोध किया। 

पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी के मतदाताओं से मुखातिब होते हुए कहा कि मैनपुरी उनका दूसरा घर है। मैनपुरी के लोगों के कहने पर ही चुनाव लड़ रहा हॅू। यहां के लोगों ने उन्हें पहले भी जिताया है, और फिर भारी मतों से जिताने की अपील की। यादव ने कहा कि देश में अमीरी-गरीबी का अंतर बढ़ा है। महिलाओं के शोषण के खिलाफ उन्होंने संसद में आवाज उठाई थी।

यादव ने मायावती जी के मैनपुरी आने और उन्हें जिताने की अपील पर बारम्बार धन्यवाद दिया और उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि वक्त वक्त पर मायावती जी ने उनकी मदद की। हमारी पार्टी का बहुत साथ दिया है। वे कभी मायावती जी का एहसान नहीं भूलेंगे। समाजवादी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे हमेशा मायावती जी का सम्मान करें।

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी बहन मायावती ने कहा कि 2 जून 1995 की घटना के बावजूद उन्होंने देशहित, जनहित में तथा मूवमेंट के हित में कठिन निर्णय लिया। वर्तमान हालात को देखते हुए समाजवादी पार्टी से मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव पिछड़ों के असली और सर्वमान्य नेता हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों को अपनी समाजवादी पार्टी से जोड़ा। हमारा गठबंधन भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगा। उन्होंने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की कि वे मुलायम सिंह यादव को ऐतिहासिक जीत दिलायें। उन्होंने कहा कि मोदी जी की तरह मुलायम सिंह नकली और फर्जी पिछड़े नहीं हैं, वास्तव में जाति से पिछड़े हैं। नकली फर्जी आदमी पिछड़ों का भला नहीं कर सकता है। इनके सत्ता में आने का परिणाम है कि दलितों, पिछड़ों के लिए नौकरी में आरक्षित पद खाली पड़े हैं। नौजवानों में बेराजगारी है। नेताजी की विरासत को अखिलेश यादव ने संभाल रखा हैं जो कि उनके एकमात्र उत्तराधिकारी है।

कु. मायावती जी ने कहा कि इस चुनाव में असली नकली की पहचान करना भी जरूरी है। अच्छे दिन का वादा कभी जमीनी हकीकत में नज़र नहीं आया। गत चुनाव में मोदी जी ने तरह -तरह के प्रलोभन दिए। 100 दिनों में कालाधन बाहर से लाकर हरेक के खाते में 15-15 लाख रू0 भेजने की बात की थी पर किसी को कुछ नहीं मिला। सपने तो बहुत दिखाए गए पर किया कुछ नहीं। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि वे कांग्रेस और भाजपा से सावधान रहें क्योंकि भटकाने में ये माहिर हैं। प्रलोभन देकर ये गरीबों का वोट लेते हैं। उन्होंने कहा हमारी सरकार बनी तो गरीब बेरोजगारों को स्थायी नौकरी दी जाएंगी।

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख ने कहा कि भाजपा के धार्मिक भावना भड़काने के चक्कर में लोग न पड़े। दो चरणों में हुए मतदान में भाजपा की हवा खराब हो गई है, आगे और खराब होगी। भाजपा-कांग्रेस के हथकंडे में न आकर गठबंधन को कामयाब बनाएं। उन्होंने अंत में फिर कहा कि मैनपुरी से श्री मुलायम सिंह का विशेष लगाव रहा है। उम्र के तकाजे के बावजूद उन्होंने इस क्षेत्र को नहीं छोड़ा। आखिरी सांस तक वे असली सेवक बनकर सेवा करेंगे। मतदाता साइकिल निशान पर बटन दबाएं।

विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि श्री मुलायम सिंह यादव ने हम सबको जगाने का और समाज में राजनीति करने का मौका दिया। मुलायम सिंह को चुनाव जिताने की अपील करने के लिए मायावती जी के एहसान को हम कभी नहीं भूलेंगे। यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि बहुजन समाज पार्टी और आदरणीया मायावती जी का सम्मान करें। उन्होंने हमारा मनोबल बढ़ाया है। इससे ज्यादा ऐतिहासिक दिन कोई नहीं हो सकता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि देश आज नाजुक दौर से गुजर रहा है। खेती किसान की आत्मा है। गांववालों को भाजपा ने धोखा दिया। उनकी फसल की चोरी हुई, न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिला। किसान के खाद की बोरी से 5 किलो खाद चोरी कर ली गई। नौजवानों का भविष्य अंधकार में है। रोजी रोजगार समाप्त है। ये चुनाव देश के भविष्य से जुड़ा है। अब परिवर्तन कोई रोक नहीं सकता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वाले कहते है नया भारत बनाएंगे। उन्होंने नोटबंदी-जीएसटी से व्यापार चैपट कर दिया। जो भी विकास प्रदेश में हुआ समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी की सरकारों ने किया। मैनपुरी से समाजवादी इतिहास जुड़ा है। यहां से नेताजी लड़ रहे है, मायावती जी उनके लिए अपील कर रही हैं तो देश में सबसे बड़ी जीत उनकी ही होगी। यादव ने कहा कि भाजपाई कागज में पिछड़े हैं, हम जन्म से पिछड़े है। वे चाय वाला बनकर आए, अब चैकीदार बन गए है। हमें उनकी चैकी छीननी है। इस बार चुनाव परिणाम ऐतिहासिक होंगे।

उन्होंने कहा कि मैनपुरी के लोगों के लिए बहुजन समाज पार्टी- समाजवादी पार्टी ने दिल्ली को करीब कर दिया है। अब आप लोगों की जिम्मेदारी है कि गठबंधन को दिल्ली पहुंचाएं। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चन्द्र मिश्र और युवानेता मायावती जी का भतीजा आकाश आनन्द भी मंच पर मौजूद थे। सांसद तेज प्रताप सिंह यादव द्वारा प्रतीक चिन्ह देकर इनका सम्मान किया गया। बाद में जनपद बरेली के आंवला लोकसभा क्षेत्र की जनसभा को भी उन्होंने सम्बोधित किया।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख