ताज़ा खबरें
'400 पार का संकल्प मुश्किल'- बीजेपी के नेता ने मोदी को लिखा पत्र
नागालैंड में 6 जिलों के सभी चार लाख मतदाताओं ने नहीं डाला वोट
चुनावों के दौरान धारा 144 लगाने पर सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया आदेश
लोकसभा चुनाव: 102 सीटों परपांच बजे तक करीब 60 प्रतिशत मतदान
रामपुर में सपा प्रत्याशी का पुलिस पर मतदान प्रभावित करने का आरोप

बुलंदशहर: बुलंदशहर की डीएम कॉलोनी में करीब आठ माह पूर्व बंद कराए गए रास्तों की दीवार को लेकर जिला प्रशासन और भाजपाई रविवार को आमने-सामने आ गए। डीएम कॉलोनी में रास्तों पर लगी दीवारों को भाजपा सांसद डा.भोला सिंह ने हथौड़ा चलाकर तोड़ने की शुरुआत कर दी। फिर लोगों ने सात में से पांच रास्तों बनी दीवार तोड़ डाली। इस मामले में सांसद, जिलाध्यक्ष समेत चार नामजद और 35-40 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रशासन ने टूटी दीवारों के स्थान पर बैरीकेडिंग कराकर पुन: दीवार निर्माण करना भी शुरू कर दिया।

बुलंदशहर की डीएम कॉलोनी में जिले के बड़े अफसरों के आवास हैं। मार्च माह में तत्कालीन डीएम डा.रोशन जैकब ने डीएम कॉलोनी में प्राइवेट कॉलोनी की ओर से खुले सात रास्तों पर दीवार लगाकर उन्हें बंद करा दिया था। कॉलोनी के मुख्य मार्गों पर गेट भी लगवाए थे। दीवारें लगाने पर उस समय भी काफी हंगामा-प्रदर्शन हुआ था। डा. रोशन जैकब के स्थानांतरण के बाद आए डीएम अनुज कुमार झा से भाजपाई और स्थानीय लोग रास्तों पर बनी दीवारें हटवाने की मांग कर रहे थे।

रविवार सुबह सांसद डा.भोला सिंह के साथ जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल डीएम कॉलोनी पहुंचे। स्थानीय लोगों ने उनसे दीवार हटवाने की मांग की। इस पर सांसद ने हथौड़ा चलाकर दीवार गिराने की शुरुआत कर दी। फिर लोगों ने एक-एक करके सात में से पांच रास्तों पर लगी दीवारों को गिरा दिया। इसकी खबर लगते ही प्रशासन में खलबली मच गई। डीएम के निर्देश पर आनन-फानन भारी पुलिस बल बुलाकर उक्त स्थानों पर बैरीकेडिंग कराई गई। उक्त स्थानों पर पुन: दीवार बनवानी भी शुरू करा दी गई।

नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि पीडब्लूडी के जेई पवन कुमार ने सांसद डा.भोला सिंह, जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल, लक्ष्मीराज सिंह और प्रदीप बोहरे समेत 35-40 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरी ओर, एफआईआर दर्ज होने पर भाजपाइयों में रोष व्याप्त है। भाजपाई पूरे घटनाक्रम पर नजर रखते हुए आगे की रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं।

डीएम अनुज कुमार झा का कहना है कि पूरे मामले की जांच एडीएम प्रशासन कर रहे हैं। इसमें कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामला सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। ये आम रास्ते नहीं हैं। सभी पर दीवारें लगवाई जाएंगी। एसएसपी केबी सिंह ने बताया कि पीडब्लूडी के जेई पवन कुमार की तहरीर पर नगर कोतवाली में सांसद डा.भोला सिंह, जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल, लक्ष्मीराज सिंह और प्रदीप बोहरे समेत 35-40 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुरक्षा की दृष्टि से डीएम कॉलोनी में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

वहीं सांसद डा.भोला सिंह का कहना है कि जनहित में दीवार तोड़ी गई है। हजारों परिवार परेशान थे। जनहित में एक नहीं 10 एफआईआर भी झेलने को तैयार हैं। डीएम की मानसिकता सरकार विरोधी है। सीएम से इसकी शिकायत की जाएगी। यदि दीवार बनी तो फिर तोड़ेंगे।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख